पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी
कानपुर देहात। शिवली कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक का शव खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सचेंडी निवासी 20 वर्षीय राजा बाबू वर्मा के रूप में हुई है। शव के पास ही उसकी बाइक चाबी लगी हालत में खड़ी मिली, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मकरंदपुर बंथा के पास मैथा–केशरीनेवादा नहर मार्ग किनारे खेत में युवक का खून से सना शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में एएसपी राजेश पांडेय, सीओ रसूलाबाद आलोक कुमार सहित कई थानों की पुलिस फोर्स भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
मौके पर खड़ी बाइक में चाबी लगी मिलने से पुलिस प्रथम दृष्टया यह मान रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और शव को यहां लाकर फेंका गया है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर मौजूद लोगों द्वारा शव की पहचान राजा बाबू वर्मा के रूप में की गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मां ममता, भाई अंकुश और बहन लक्ष्मी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, मृतक पीओपी का कार्य करता था। गुरुवार को वह अपनी दादी को भउआ पुरवा स्थित बुआ के घर छोड़ने गया था। इसके बाद देर रात उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग की है।
घटना की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
सीओ रसूलाबाद आलोक कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।










