Home / Uncategorized / करंट बना काल: मां को बचाने दौड़ा बेटा, दोनों की दर्दनाक मौत से सिसवा में मातम

करंट बना काल: मां को बचाने दौड़ा बेटा, दोनों की दर्दनाक मौत से सिसवा में मातम

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली
पल्टू मिश्रा
महराजगंज,सिसवा नगरपालिका क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पानी के मोटर में उतरे करंट की चपेट में आकर मां और बेटे की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पहले मां करंट की चपेट में आईं और उन्हें बचाने की कोशिश में बेटे ने भी अपनी जान गंवा दी।
घटना सिसवा नगरपालिका के चौधरी चरण सिंह वार्ड की है। यहां निवासी किसान रामदेव सिंह शुक्रवार सुबह अपने खेत गए हुए थे। बताया जा रहा है कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे जब वे घर लौटे तो उन्होंने पत्नी को पानी के लिए आवाज लगाई। उनकी आवाज सुनकर घर में पढ़ रहा उनका 17 वर्षीय बेटा अखिलेश मां को बुलाने किचन में गया।
किचन में पहुंचते ही अखिलेश के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसकी मां, 45 वर्षीय रंभा देवी, पानी के मोटर के पास अचेत अवस्था में पड़ी थीं। बेटे ने बिना कुछ सोचे-समझे उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन मोटर में दौड़ रहे करंट की चपेट में वह भी आ गया।
काफी देर तक घर से कोई हलचल न होने पर रामदेव सिंह अंदर पहुंचे तो उन्होंने मां-बेटे दोनों को अचेत हालत में देखा। परिजन तुरंत दोनों को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थाने के एसओ धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, हालांकि परिजनों ने फिलहाल पोस्टमार्टम से इनकार किया है। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है और उनकी सहमति के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध रह गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *