पूर्वाचल राज्य संवाददाता – दीपू तिवारी
पिपरी (सोनभद्र): पिपरी थाना क्षेत्र में एक स्थानीय निवासी के साथ हुई घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वार्ड नं. 9, आदिशक्ति महामाया मंदिर के पास रहने वाले बृजेश तिवारी ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति नशे की हालत में लगातार उत्पात मचा रहा है और मोहल्ले के लोगों को परेशान कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृजेश तिवारी बीते दिन शाम लगभग 7 बजे रेणुकूट से अपने परिवार के साथ घर लौटे थे। घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद, रिंकू नामक व्यक्ति (पुत्र श्रीकांत) नशे की हालत में उनके घर के बाहर खड़ी कार पर पत्थर मारने लगा। जब बृजेश तिवारी ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की और झूठे एससी एक्ट में फंसाने की धमकी देकर वहां से चला गया।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित और उनकी पत्नी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई और सहायता भी प्राप्त की गई। इसके बावजूद, पीड़ित का कहना है कि आरोपी का व्यवहार लगातार असामाजिक बना हुआ है।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी व्यक्ति अक्सर नशे में रहता है और न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे मोहल्ले के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। वह आवारा कुत्तों को मारता है और पहले भी दो बार उनके घर के दरवाजे पर पत्थर फेंक चुका है। आसपास के अन्य लोग भी उसके इस व्यवहार से परेशान बताए जा रहे हैं।
इस घटना के विरोध में मोहल्ले के कई लोगों ने एकजुट होकर पिपरी थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत पत्र पर बृजेश तिवारी, रवि , माखन, किरण देवी, अन्नु देवी तथा सुनीता देवी सहित अन्य स्थानीय निवासियों ने हस्ताक्षर कर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रह सके।










