पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
रेणुकूट (सोनभद्र)। सोनभद्र से प्रकाशित लोकप्रिय समाचार पत्र पूर्वांचल की जंग की 13वीं वर्षगाँठ के अवसर पर रेणुकूट स्थित इंडियन कैफे हाउस में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके उपरांत अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर भारतीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान एवं पत्रकार हितों की रक्षा में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेशचंद्र बुनकर ने अपने संबोधन में पत्रकारिता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता समाज को सही दिशा प्रदान करती है।
उन्होंने पूर्वांचल की जंग के संपादक मणिशंकर सिन्हा को 13 वर्षों की सफल यात्रा के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष रेणुकूट ममता सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष पिपरी दिग्विजय प्रताप सिंह, समाजसेविका प्रीति सिंह तथा भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष उमेश ओझा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने समाचार पत्र की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सशक्त आवाज बताया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि स्थानीय पत्रकारिता ही आमजन की समस्याओं को प्रभावी मंच प्रदान करती है और पूर्वांचल की जंग ने इस दिशा में सराहनीय कार्य किया है।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
अंत में मंच संचालन कर रहे पत्रकार मस्तराम मिश्रा ने आयोजकों, अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संपादक मणिशंकर सिन्हा सहित अनिल कुशवाहा, प्रमोद कुमार, ललन प्रसाद, अजय शर्मा, अनुज अग्रवाल, रामरक्षा गुप्ता, राकेश सोनी, डॉ. अरुण गुप्ता, आशीष सिंह, आशीष श्रीवास्तव, दिनेश कुमार दुबे, दिनेश कुमार गुप्ता, अरुण कुमार पाण्डेय, गरिमा मिश्रा, अंकुर मिश्रा, पंकज शुक्ला, आशीष मिश्रा, मिथिलेश मिश्रा, पवन पाण्डेय सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।










