Home / Uncategorized / नौगढ़ में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित

नौगढ़ में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित

जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली।जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नौगढ़ तहसील सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस दौरान अधिकारियों ने उपस्थित फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्विवाद वरासत समेत अन्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निपटाने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान ग्राम बरवाडीह निवासी रमेश पुत्र कैलाश ने अपनी भूमि के सीमांकन में लेखपाल द्वारा अवैध धन की मांग किए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उप जिलाधिकारी को तत्काल सीमांकन कराने और दोषी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं अधिवक्ताओं ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के निर्गमन में अनावश्यक देरी की शिकायत उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी ऑनलाइन प्रमाण पत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी किए जाएं।

कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से आई महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की मांग रखी, जिस पर पीडी डीआरडीए को पात्रता का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त तहसील परिसर में पेयजल संकट की समस्या भी उठाई गई, जिस पर गहरी बोरिंग कराने का सुझाव दिया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकतर शिकायतें राजस्व, विकास, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस विभाग से संबंधित प्राप्त हुई हैं।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, पीडी डीआरडीए, डीसी मनरेगा, उप जिलाधिकारी नौगढ़, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *