Home / Uncategorized / नगर निगम की समीक्षा बैठक में सख्ती—हर मोर्चे पर जवाबदेही तय

नगर निगम की समीक्षा बैठक में सख्ती—हर मोर्चे पर जवाबदेही तय

दाखिल-खारिज में देरी पर सख्त चेतावनी

पूर्वांचल राज्य वाराणसी। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) में हो रही देरी और अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मामलों का निस्तारण 45 दिनों के भीतर किया जाए, अन्यथा संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी को अंतिम चेतावनी

नगर स्वास्थ्य अधिकारी सुरेंद्र कुमार चौधरी को कार्यप्रणाली सुधारने के लिए एक सप्ताह का अंतिम समय दिया गया है। महापौर ने स्पष्ट कहा कि जनता को परेशान करने वाले अधिकारी अपनी कार्यशैली बदलें, अन्यथा विभागीय कार्रवाई तय है।
अतिक्रमण हटाने को एक सप्ताह की मोहलत
दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए एक सप्ताह की समयसीमा तय की गई है। निर्धारित समय के बाद नगर निगम अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाएगा और जुर्माना भी वसूलेगा।

पेयजल व्यवस्था पर नाराजगी

समीक्षा में सामने आया कि नौ में से तीन ओवरहेड टैंक डिस्ट्रीब्यूशन लाइन के अभाव में अनुपयोगी हैं। महापौर ने एक सप्ताह में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
नाला सफाई अभियान को तेज करने के निर्देश
मानसून से पहले जलभराव रोकने के लिए 6 अप्रैल से नाला सफाई अभियान तेज किया जाएगा। नालों को ए, बी, सी श्रेणियों में बांटकर 15 जून तक सफाई कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

महापौर खुद करेंगे फील्ड निरीक्षण

महापौर ने घोषणा की कि सोमवार से वे स्वयं सुबह 7:30 बजे से वार्डवार निरीक्षण करेंगे। इसमें सफाई, पेयजल, सीवर और सड़कों की गुणवत्ता की जांच होगी।

बेहतर कार्य करने वालों को सम्मान

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और परिवार सहित भ्रमण का अवसर दिया जाएगा, जिससे सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिले।

ठेकेदारों और मिलीभगत पर सख्ती
गलत निविदा डालने वाले ठेकेदारों और उनसे मिलीभगत करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अब रोजाना विभागवार समीक्षा होगी।

राजस्व वसूली के लिए बनेगी ठोस योजना
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गृहकर, जलकर, लाइसेंस शुल्क और किराया वसूली के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *