पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
सोनभद्र। रायपुर थाना क्षेत्र में ससुराल आए एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील पासवान (35) पुत्र राजकुमार की शादी रायपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पनिकब खुर्द स्थित बलियारी परसवनिया में दशरथ पासवान की पुत्री से हुई थी। बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था और युवक द्वारा पत्नी के साथ मारपीट की जाती थी।
करीब दस दिन पहले भी सुनील ससुराल आया था, जहां उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी। इस मामले में थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद वह फरार हो गया था। इस घटना से लड़की पक्ष के लोग काफी नाराज थे।
बताया जा रहा है कि रविवार को एक बार फिर युवक ससुराल पहुंचा, जहां विवाद बढ़ गया और मारपीट के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगवां ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









