पुर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी संत नगर (पाल बस्ती), कंदवा क्षेत्र के निवासियों ने घनी आबादी के बीच प्रस्तावित कूड़ा डंपिंग (वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन) एवं कूड़ा वाहनों की पार्किंग योजना का कड़ा विरोध किया है।
संत नगर पाल बस्ती विकास समिति के संयोजक समाजसेवी अविनाश मिश्र, अध्यक्ष कौशल पाल एवं उपाध्यक्ष राहुल वर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रस्तावित स्थल आवासीय कॉलोनी से मात्र लगभग 50 फीट की दूरी पर स्थित है, जिससे क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने बताया कि उक्त स्थल के पास स्थित मार्ग अत्यंत संकरा है, जहाँ से प्रतिदिन स्कूल बसों, चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में कूड़ा ढोने वाले भारी वाहनों की आवाजाही एवं पार्किंग से दुर्घटनाओं की आशंका और अधिक बढ़ जाएगी। साथ ही, पास में स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर भी अव्यवस्थित स्थिति में है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
कौशल पाल एवं राहुल वर्मा ने यह भी कहा कि कूड़ा डंपिंग एवं वाहनों की पार्किंग से क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध, मच्छर एवं मक्खियों का प्रकोप बढ़ेगा, जिससे डेंगू, मलेरिया एवं टाइफाइड जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। इसके अतिरिक्त, कूड़े से निकलने वाला दूषित जल भूजल को प्रदूषित कर सकता है, जिससे पेयजल संकट उत्पन्न हो सकता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कूड़ा डंपिंग स्थल एवं कूड़ा वाहनों की पार्किंग को किसी दूरस्थ एवं उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही, उक्त भूमि को पार्क, सामुदायिक स्थल या ओपन जिम के रूप में विकसित किय जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्रवासियों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो जन आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम वाराणसी प्रशासन की होगी।










