Home / Uncategorized / चंदौली के औरवाटांड़ जलप्रपात व छानपातर दरी बनेंगे पर्यटन का नया आकर्षण

चंदौली के औरवाटांड़ जलप्रपात व छानपातर दरी बनेंगे पर्यटन का नया आकर्षण

चंदौली।जनपद चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र स्थित औरवाटांड़ जलप्रपात एवं छानपातर दरी को प्रदेश व देश स्तर पर प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने रविवार को दोनों स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पर्यटकों की सुरक्षा, विशेष रूप से महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने झरनों के किनारे रेलिंग लगाने, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ खानपान सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि नौगढ़ क्षेत्र का यह प्राकृतिक स्थल तेजी से पिकनिक और एडवेंचर के शौकीनों की पहली पसंद बनता जा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए यहां एडवेंचर गेम्स, चिल्ड्रेन पार्क, वॉच टावर और कैंटीन जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग और वन निगम के सहयोग से विभिन्न निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। इस संबंध में डीएफओ एवं पर्यटन अधिकारियों से भी सुझाव मांगे गए हैं, ताकि समग्र और सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि औरवाटांड़ एवं छानपातर दरी को विकसित कर जिले को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई जाएगी, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *