इंस्टाग्राम पर फोटो साझा कर कर रहा था ब्लैकमेल, पुलिस ने शुरू की जांच
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने सोशल मीडिया के माध्यम से परिचित युवक पर निजी फोटो वायरल कर बदनाम करने और लगातार धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, चोलापुर क्षेत्र की रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती मंडुआडीह स्थित एक मोबाइल कंपनी में कार्य करती है और साथ ही बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। करीब दस माह पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान चौबेपुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर निवासी संदीप पटेल पुत्र रविंद्र पटेल से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों में मित्रता हो गई और युवक अक्सर युवती से मिलने उसके कार्यस्थल तक पहुंच जाता था।
आरोप है कि इसी दौरान युवक ने युवती के मोबाइल से उसके कुछ निजी फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में ले लिए। बाद में जब युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने युवक को समझाया, जिसके बाद वह काम के सिलसिले में गुजरात चला गया।
बताया जाता है कि गुजरात जाने के बाद भी आरोपी लगातार युवती से फोन पर बात करने का दबाव बनाता रहा। युवती द्वारा बात करने से इंकार करने पर वह उसके परिजनों और कार्यस्थल पर फोन कर धमकी देने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती की निजी फोटो को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा कर उसके सोशल मीडिया मित्रों को भेजना शुरू कर दिया और फोटो वायरल करने की धमकी भी देने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसके पिता ने युवक को फोन कर ऐसा करने से मना किया तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जातिसूचक शब्दों के साथ गाली-गलौज की और सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट कर दी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी संदीप पटेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 351, 352 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










