जमीन की सफाई को लेकर हुआ विवाद, बुजुर्ग को दी जान से मारने की धमकी
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहीया गांव में जमीन की सफाई को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों द्वारा एक कैंसर पीड़ित बुजुर्ग और उसके पुत्र की लाठी-डंडों से पिटाई करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेहीया गांव निवासी राजेन्द्र प्रसाद दुबे अपनी जमीन पर बाउंड्री निर्माण के लिए सफाई का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही पड़ोसी भगेलू राम, उनका पुत्र अवनीश कुमार, पत्नी निर्मला देवी तथा पुत्री सविता मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर चारों ने मिलकर राजेन्द्र प्रसाद दुबे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र विनय कुमार दुबे को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। पीड़ित के अनुसार वह वृद्ध होने के साथ-साथ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, इसके बावजूद आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़ित ने चोलापुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध धारा 352, 351(3), 115 व 131 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










