सरकारी कार्य में बाधा व जानलेवा हमले का आरोपी दो मुकदमों में है वांछित
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
थाना चोलापुर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को कपिसा मोड़ से पकड़कर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जरियारी निवासी मोहित चौहान (52 वर्ष) दो अलग-अलग मुकदमों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ थाना चोलापुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
बताया जाता है कि 3 अप्रैल 2026 को आरोपी व अन्य लोगों ने वादी के भाई को जातिसूचक गालियां देते हुए ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले में थाना चोलापुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के बाद दानगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपियों को टोटो से थाने ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने जोरदार धक्का देकर उन्हें टोटो (ई रिक्शा) से सड़क पर गिरा दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह बेहोश हो गए। इस घटना के संबंध में पुलिस ने दूसरा मुकदमा भी दर्ज किया।
पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में चोलापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह 10:20 बजे कपिसा मोड़ से आरोपी मोहित चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल मो. शकील अहमद, कांस्टेबल अमित सिंह तथा आदित्य कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।










