Home / Uncategorized / रेणुकूट में व्यापार मंडल चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, मंगलवार को होगा मतदान

रेणुकूट में व्यापार मंडल चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, मंगलवार को होगा मतदान

पूर्वाचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

रेणुकूट (सोनभद्र)। स्थानीय व्यापार मंडल चुनाव को लेकर नगर में सरगर्मी तेज हो गई है। मंगलवार को स्थानीय सब्जी मंडी परिसर में मतदान कराया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन एवं चुनाव समिति द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। व्यापारियों में चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी बिंदु गिरी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सत्येंद्र कुमार यादव, राम जायसवाल, सैयद अली, अनूप केसरी, बृज किशोर गुप्ता एवं अलाउद्दीन शामिल हैं। सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं तथा व्यापारियों से समर्थन मांग रहे हैं।

सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय प्रताप सिंह के अनुसार, इस चुनाव में 2000 से अधिक मतदाता भाग लेंगे। पूर्व में लगभग 2200 मतदाताओं की सूची जारी की गई थी, जिसका 30 सदस्यीय निगरानी समिति द्वारा तीन दिनों तक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान कई मतदाताओं के नाम दो स्थानों पर पाए जाने पर उन्हें सूची से हटा दिया गया, जबकि कुछ नए नाम भी जोड़े गए हैं। अंतिम मतदाता सूची सोमवार सायंकाल तक प्रकाशित कर दी जाएगी।

मुख्य पीठासीन अधिकारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मतदान प्रक्रिया मंगलवार को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक सब्जी मंडी परिसर में संपन्न होगी। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना प्रारंभ कर दी जाएगी, जिससे परिणाम उसी दिन घोषित होने की संभावना है।

चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे नगर क्षेत्र को पांच भागों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र के लिए अलग-अलग मतदान काउंटर स्थापित किए गए हैं। इन काउंटरों पर विजय कुमार गुप्ता, सोनू शाह, विजय चौरसिया, रियाज कुरेशी एवं अजय जौहरी मतदान प्रक्रिया का संचालन करेंगे।

नगर में चुनाव को लेकर व्यापारी वर्ग में खासा उत्साह एवं हलचल बनी हुई है। सभी प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए अंतिम समय तक प्रयासरत हैं, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *