पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / सिसवा बाजार ।
सिसवा क्षेत्र में सोमवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन, जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी मानी जाती है, के टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिसवा विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र बहादुर सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया।
अभियान की शुरुआत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी किशोरियों को वैक्सीन लगाकर की गई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित अभिभावकों और किशोरियों को वैक्सीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है, जिससे समय पर टीकाकरण के माध्यम से काफी हद तक बचाव संभव है।
कार्यक्रम में अधीक्षक सिसवा डॉ. ईश्वर चंद विद्यासागर ने कहा कि यह अभियान किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी भ्रम के अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। खंड कार्यक्रम प्रबंधक अविनाश सिंह एवं खंड समुदाय प्रक्रिया प्रबंधक प्रदीप चौरसिया ने भी अभियान की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने की बात कही।
इस अवसर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता बिकाऊ प्रसाद, स्टाफ नर्स प्रिया व श्वेता सिंह तथा एएनएम सुचिता पाल सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में महिलाओं को गंभीर बीमारी से बचाने में सहायक है। अभिभावकों से आग्रह किया गया कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समाज को स्वस्थ बनाने में सहयोग करें।
सिसवा में एचपीवी वैक्सीन अभियान की शुरुआत, किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का संदेश










