पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/निचलौल/परतावल।
यातायात पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोमवार को निचलौल कस्बा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में स्कूलों में संचालित बसों की सघन चेकिंग की गई।
इस दौरान बसों के फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल), सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र एवं फर्स्ट एड बॉक्स आदि की जांच की गई। कई वाहनों में खामियां पाए जाने पर संबंधित चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई।
यातायात प्रभारी ने वाहन चालकों को निर्देशित किया कि सभी स्कूली बसों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरा लगवाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा अग्निशामक यंत्र और पर्याप्त फर्स्ट एड बॉक्स हमेशा साथ रखें।
अभियान के दौरान कुल 9 वाहनों का चालान करते हुए 18,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
निचलौल में यातायात पुलिस का अभियान: स्कूली बसों की जांच, 9 वाहनों का चालान










