पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/सिसवा/घुघली
महराजगंज जनपद के घुघली विकास खंड में ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने और शिक्षा के प्रति जनजागरूकता फैलाने हेतु भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय ने किया।
रैली की शुरुआत बीआरसी परिसर से हुई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर गांव की गलियों और मोहल्लों में भ्रमण किया तथा शिक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
रैली के दौरान बच्चों ने जोशीले नारे लगाए, जिनमें “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल में पढ़ने जाएंगे”, “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ” और “घर-घर विद्या का दीप जलाओ” प्रमुख रहे। इन नारों ने अभिभावकों का ध्यान आकर्षित करते हुए शिक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण पाण्डेय ने अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा समाज और राष्ट्र की उन्नति की आधारशिला है। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने की अपील की।
रैली में घुघली ब्लाक के समस्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। यह आयोजन शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
घुघली में ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली: शिक्षा जागरूकता को मिला जनसमर्थन, शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर










