चंदौली।जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स तथा त्वरित आर्थिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने पेयजल, सड़क, विद्युत व्यवस्था एवं सरकारी भवनों से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण में धीमी प्रगति पर यू.पी. प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड, वाराणसी इकाई को कड़ी चेतावनी दी गई। वहीं चकिया स्थित काशीराज संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंदौली, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बरहनी एवं धानापुर, तथा नगर पालिका परिषद में सॉलिड वेस्ट प्लांट सहित कई परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सुधार के निर्देश दिए गए।
गंगा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों—नियमताबाद के कुण्डाकला व कुण्डाखुर्द तथा धानापुर ब्लॉक के नरौली गांव में कटान निरोधक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। बाबा कीनाराम अघोरपीठ मठ में पर्यटन विकास एवं मल्टीपरपज हॉल निर्माण कार्य में देरी पर संबंधित संस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र पूर्ण कर हैंडओवर करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल उपलब्ध कराएं ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए, डीसी मनरेगा, अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।










