पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बेल्थरा रोड की रुचि आर्या ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) की परीक्षा में समीक्षा अधिकारी के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्रदेश स्तर पर 173वीं रैंक हासिल की है। रुचि आर्या जोरावर सिंह आर्या और गीता देवी की पुत्री हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग (बीटेक) की डिग्री प्राप्त की। इंजीनियरिंग के बाद रुचि ने सिविल सेवा को अपना लक्ष्य बनाया। उन्होंने वर्ष 2023 से प्रयागराज (इलाहाबाद) में रहकर तैयारी शुरू की। प्रज्ञा प्रवाह के मार्गदर्शन में लगातार मेहनत करते हुए उन्होंने पहले ही प्रयास में यह सफलता अर्जित की। रुचि की इस उपलब्धि से बेल्थरा रोड क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रुचि आर्या ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और अनुशासित तैयारी को दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में कई उतार-चढ़ाव और कठिनाइयां आईं, लेकिन उनके माता-पिता, छोटा भाई और परिवार हमेशा उनके साथ खड़े रहे।रुचि ने यह भी कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और ईमानदारी से मेहनत की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है। इसके लिए धैर्य और निरंतरता आवश्यक है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह संदेश देती है कि छोटे कस्बों से निकलकर भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।
रुचि आर्या बनीं समीक्षा अधिकारी पहले ही प्रयास में हासिल की 173वीं रैंक










