पूर्वाचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
रेणुकूट (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मुर्धवा स्थित हाईटेक रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक का शव मिला। सुबह टहलने निकले लोगों ने ट्रैक के किनारे शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को हिंडाल्को अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस में रखवा दिया, ताकि शिनाख्त और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। बाद में मृतक की पहचान रवि (40 वर्ष) पुत्र नंदकिशोर के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, रवि मूल रूप से बिहार के डेहरी ऑन सोन का निवासी था और वर्तमान में अपनी मां के साथ रेणुकूट के शिवा पार्क क्षेत्र में रह रहा था। वह पेशे से ऑटो चालक था और क्षेत्र में परिचित चेहरा माना जाता था।
चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक नशे का आदी था, जिससे उसके परिजन भी परेशान रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि सोमवार देर रात वह रेलवे ट्रैक के किनारे घर लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतक की मां विमला देवी को अवगत करा दिया। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच में जुटी हुई है।










