Home / Uncategorized / गैंगस्टर एक्ट में बड़ी कार्रवाई: अवैध कमाई से खरीदे वाहन पुलिस ने किए जब्त

गैंगस्टर एक्ट में बड़ी कार्रवाई: अवैध कमाई से खरीदे वाहन पुलिस ने किए जब्त

पूर्वाचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

शक्तिनगर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे की रिपोर्ट के आधार पर अभियुक्त सुनील भारती पुत्र शिवमंगल, निवासी निमियाटाड़ बस्ती थाना शक्तिनगर के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि अभियुक्त अवैध रूप से हेरोइन की तस्करी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था और इसी माध्यम से उसने भारी संपत्ति अर्जित की थी।

विवेचना के दौरान यह भी पाया गया कि अभियुक्त के पास कोई वैध आय का स्रोत नहीं था, इसके बावजूद उसने अवैध धन से अपने एवं अपनी पत्नी के नाम पर एक चार पहिया वाहन स्विफ्ट डिजायर (UP64BA-9536) तथा एक स्कूटी (UP64BE-0459) खरीदी थी। इन दोनों वाहनों का कुल मूल्य लगभग 7 लाख 80 हजार रुपये आंका गया है।
उक्त तथ्यों के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट सोनभद्र द्वारा उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के तहत दोनों वाहनों को कुर्क/जब्त करने का आदेश जारी किया गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आदेश का पालन करते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।

गौरतलब है कि अभियुक्त सुनील भारती के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मादक पदार्थों की तस्करी के मामले शामिल हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *