Home / Uncategorized / स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, बच्चों ने दिया शिक्षा का संदेश

स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, बच्चों ने दिया शिक्षा का संदेश

पूर्वाचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

बीजपुर (सोनभद्र)। बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र एवं खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर के मार्गदर्शन में मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय नेमना द्वारा स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमन वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया।

रैली में शामिल बच्चों ने गगनभेदी नारों— “आधी रोटी खाएंगे, फिर भी पढ़ने जाएंगे”, “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा”, “हिंदू मुस्लिम सिख इसाई, सब मिलकर करें पढ़ाई” और “पापा-मम्मी हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलो नाम लिखाओ”—के माध्यम से पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलायी।
यह रैली नेमना के पनीकान बस्ती से होते हुए भंटाबारी टोले तक पहुंची, जहां ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राधेश्याम गुर्जर ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए रैली में सहभागिता की। बच्चों के जोश और नारों से पूरे क्षेत्र का माहौल शिक्षा के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर राधेश्याम गुर्जर ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराकर नियमित रूप से पढ़ाई के लिए भेजें। वहीं विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष लाले राम वैश्य ने कहा कि परिषदीय एवं कंपोजिट विद्यालय अब आधुनिक सुविधाओं और बेहतर संसाधनों से सुसज्जित हो चुके हैं, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।

रैली के दौरान शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद किया और बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर शिक्षक मनोज कुमार दुबे, ज्वाला प्रसाद सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *