पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। बेलहरी ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय बिंगही में संयुक्त रूप से मंगलवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। गांव के प्रधान छितेश्वर तिवारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने गांव की गलियों में घूमकर लोगों को बच्चों का नामांकन कराने और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया। इस दौरान बच्चों ने ‘सब पढ़ें, सब बढ़ें’ और ‘शिक्षा है जीवन का आधार’ जैसे नारे लगाए। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और अपने बच्चों को स्कूल भेजने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यालय परिसर में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के बाद सभी बच्चों के बीच मिठाई भी बांटी गई, जिससे उनका उत्साह बढ़ा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान छितेश्वर तिवारी ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और हर अभिभावक का यह दायित्व है कि वह अपने बच्चों को विद्यालय भेजे। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सतीश मिश्र, प्रभात उपाध्याय, विनोद तिवारी, मेराज अली, रवि कुमार, राजेश तिवारी, और बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं के साथ ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर ‘स्कूल चलो अभियान’ को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बिंगही में संयुक्त रूप से निकाली गई स्कूल चलो अभियान’ रैली को ग्राम प्रधान ने दिखाई हरी झंडी










