चंदौली।जनपद के धानापुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जल जीवन मिशन के तहत लगाए गए सोलर पैनल की चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी किए गए सोलर पैनल बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
यह घटना तोरवा गांव स्थित जल जीवन मिशन परियोजना से जुड़ी है, जहां हाल ही में अज्ञात चोरों द्वारा सोलर पैनल चोरी कर लिए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगवा गंगा घाट क्षेत्र से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गाजीपुर जिले के मैनपुर निवासी प्रमोद यादव पुत्र राम बच्चन यादव, सौरम निवासी अजय यादव पुत्र मुन्ना यादव तथा रवि यादव पुत्र गोपाल यादव शामिल हैं। इनके साथ एक 17 वर्षीय किशोर को भी हिरासत में लिया गया है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में उप निरीक्षक संजय ओझा, देवेंद्र राय, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, कांस्टेबल रामबचन सिंह, सुमित सिंह, सोनू यादव, इंद्रजीत यादव एवं सर्विलांस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक आनंद चंद्रशेखर के पर्यवेक्षण में अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि मामले का मुख्य आरोपी विशाल यादव पुत्र राजेश यादव, निवासी ग्राम बड़ी रमरजाय थाना धानापुर, अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










