चंदौली।जनपद चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़ान गांव निवासी लापता नाबालिग आकाश बिन्द को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। किशोर के घर से अचानक लापता होने पर परिवार में हड़कंप मच गया था, जिसके बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकाश बिन्द (पुत्र मुसई बिन्द) 1 अप्रैल को बिना बताए घर से निकल गया था। परिजनों की सूचना पर धानापुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पता चला कि किशोर ट्रेन के माध्यम से हावड़ा होते हुए कोलकाता पहुंच गया था, जहां वह कुछ समय तक रहा।
किशोर की तलाश में पुलिस टीम कोलकाता तक पहुंच गई थी, इसी बीच वह स्वयं घर वापस लौट आया। घर पहुंचने के बाद क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने उसकी काउंसलिंग कर प्रेमपूर्वक पूछताछ की। इस दौरान किशोर ने बताया कि वह अपनी इच्छा से घर से गया था और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया।
सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि किशोर के लापता होने के बाद से ही पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया।
किशोर के सकुशल घर लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली है और परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना की है।










