अवैध शराब बिक्री से नाराज महिलाओं ने लगाया जाम, पुलिस के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर पुलिस चौकी अंतर्गत भोपापुर और हरिदासीपुर सरैया गांव की महिलाओं ने रविवार सुबह शराब बिक्री के विरोध में बाबतपुर–चौबेपुर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं, जिससे कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि रिहायशी बस्ती के बीच स्थित देशी शराब की दुकान पर निर्धारित समय के विपरीत 24 घंटे शराब बेची जा रही है, वह भी ऊंचे दामों पर। महिलाओं का कहना था कि शराब की आसानी से उपलब्धता के कारण क्षेत्र के कई पुरुष दिनभर नशे में रहते हैं, जिससे घरों में कलह और महिलाओं के साथ मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि अवैध शराब बिक्री की शिकायत स्थानीय पुलिस और प्रशासन से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि मिलीभगत के कारण नियमों का खुलकर उल्लंघन किया जा रहा है।
जाम की सूचना मिलते ही चोलापुर थाना प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाकर शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्धारित समय के बाद शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और अवैध विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बस्ती के बीच स्थित दुकान को हटाने की मांग भी उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही।
पुलिस के आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त कर दिया। इस दौरान करीब दो से तीन दर्जन महिलाओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।










