पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
भारत विकास परिषद सृजन शाखा, काशी प्रांत (उत्तर मध्य क्षेत्र-2) द्वारा शिक्षा एवं सेवा के उद्देश्य से सार्थक इंटरनेशनल स्कूल, पूरा रघुनाथपुर, बाबतपुर में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 30 नवप्रवेशित विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, स्टेशनरी सामग्री, लंच बॉक्स एवं स्कूल बैग वितरित किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन संरक्षक ज्ञानेंद्र बहादुर एवं अध्यक्ष शशि श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ तो वही मंच संचालन सृजन शाखा की सचिव डॉ. रमा सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष हरीश वालिया, प्रांतीय महिला संयोजिका प्रियंका जायसवाल, विद्यालय की प्रधानाचार्या रागिनी श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष प्रवीण सिन्हा सहित कई गणमान्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो बच्चों के भविष्य को संवारने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रांतीय अध्यक्ष हरीश वालिया ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के वंचित वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं अध्यक्ष शशि श्रीवास्तव ने आश्वस्त किया कि सृजन शाखा भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगी और अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करेगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रधानाचार्या रागिनी श्रीवास्तव ने परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में अत्यंत सहायक होती है।
कार्यक्रम की सफलता में सीमा चंदेल, रोली, ब्रजेश कर्ण, पूनम पाठक, संजय, रेखा, अलका, अनिल, अनु, निधि, मार्गदर्शक शिवाजी श्रीवास्तव, रीना एवं नवीन प्रकाश सिंह सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा भारत विकास परिषद सृजन शाखा के प्रति आभार व्यक्त किया गया।










