Home / Uncategorized / वाराणसी के दो पहलवान अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप में दिखाएंगे दम, गोल्ड की उम्मीद

वाराणसी के दो पहलवान अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप में दिखाएंगे दम, गोल्ड की उम्मीद

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
छत्तीसगढ़ कुश्ती संघ के तत्वावधान में 10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली अंडर-20 राष्ट्रीय जूनियर कुश्ती चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम प्रतिभाग करने जा रही है। यह आयोजन भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह “बबलू” के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है।
वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह “रानू” के अनुसार, इस प्रतियोगिता में वाराणसी के दो प्रतिभाशाली पहलवान उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। बालक फ्रीस्टाइल 125 किलोग्राम वर्ग में लक्ष्य कुमार तथा बालिका फ्रीस्टाइल 62 किलोग्राम वर्ग में कशिश यादव अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
लक्ष्य कुमार बरेका में नियमित अभ्यास करते हैं और उनके पिता नरेश पहलवान एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी पहलवान रह चुके हैं, जिनसे उन्हें कुश्ती की प्रेरणा और प्रशिक्षण मिला है। वहीं कशिश यादव स्वामीनाथ तुलसी घाट व्यायामशाला में प्रशिक्षण लेकर अपनी तैयारी को मजबूत कर रही हैं।
वाराणसी कुश्ती संघ ने दोनों खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। संघ के पदाधिकारियों का मानना है कि लक्ष्य कुमार और कशिश यादव अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और जनपद का नाम रोशन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले कुश्ती संघ के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने दोनों पहलवानों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *