पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज /बृजमनगंज।
आदर्श नगर पंचायत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बृजमनगंज में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर चेयरमैन राकेश जायसवाल ने कहा कि 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए यह वैक्सीन निःशुल्क लगाई जाएगी। उन्होंने इस पहल को महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण कार्यक्रम का लाभ अवश्य दिलाएं।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील गुप्ता ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार द्वारा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए देशभर में किशोरियों के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस योजना के तहत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिससे हर वर्ष 40 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हो जाती है। ऐसे में यह टीकाकरण अभियान इस बीमारी के खतरे को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा। यह देश में पहली बार बड़े स्तर पर शुरू किया गया कार्यक्रम है, जिसमें टीका पूरी तरह मुफ्त दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में बीसीपीएम विनोद कुमार, गणेश कुमार, एचईओ देवेंद्र कुमार, भार्गव, भूषण, सभासद झिनक विश्वकर्मा, अनिल मणि, लव कुश पांडे समेत सैकड़ों आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
संदेश
“स्वस्थ नारी, सशक्त समाज” की परिकल्पना को साकार करने के लिए इस तरह के टीकाकरण अभियान बेहद जरूरी हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे जागरूक होकर अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाएं, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव संभव हो सके।
बृजमनगंज में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, किशोरियों को मिलेगा निःशुल्क सुरक्षा कवच










