पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/ठूठीबारी।
जनपद में नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी का सख्त और अनुशासित प्रशासनिक रवैया लगातार सामने आ रहा है। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से वे पुलिस महकमे में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को ठूठीबारी थाना प्रभारी (एसओ) नवनीत नागर को निलंबित कर दिया गया। उनके खिलाफ आरोप है कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को बिना सूचित किए एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मुकदमा दर्ज कर लिया, जो विभागीय नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई की, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यप्रणाली में अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोपरि है। विशेष रूप से एनडीपीएस जैसे संवेदनशील मामलों में उच्चाधिकारियों को समय पर सूचना देना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मनमानी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इससे पहले सोमवार देर रात एसपी ने थाना श्यामदेउरवा का आकस्मिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई और कार्यशैली में कई कमियां पाई गईं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए थानाध्यक्ष के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए।
लगातार हो रही इन सख्त कार्रवाइयों से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि जिले में अब ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति लागू है। इससे पुलिसकर्मियों में जिम्मेदारी और सतर्कता बढ़ी है, वहीं आम जनता में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हो रहा है।
जीरो टॉलरेंस पर एसपी का एक्शन: ठूठीबारी एसओ निलंबित, श्यामदेउरवा थाने में जांच










