पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद के सनबीम स्कूल में अपने स्थापना दिवस के अवसर पर वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह ‘प्रोत्साहन’ का आयोजन किया गया। इस समारोह में अकादमिक उत्कृष्टता और निरंतरता प्रदर्शित करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। ड्राइव वे देवी मेंटल वेलनेस फाउंडेशन के सह-संस्थापक, लेखक और टेडेक्स स्पीकर कार्तिक बाजोरिया इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के पारंपरिक स्वागत और तुलसी वेदी पूजन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को जीवंत बना दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह ने अपने स्वागत भाषण में मुख्य अतिथि और अभिभावकों का अभिनंदन किया। उन्होंने विद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, साथ ही छात्रों की शैक्षणिक सफलता के लिए ‘निरंतरता’ और ‘अनुशासन’ को महत्वपूर्ण बताया। समारोह के दौरान कक्षा पहली से ग्यारहवीं तक की परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, नर्सरी से ग्यारहवीं तक पूरे वर्ष विद्यालय में नियमित रहने वाले छात्रों को भी उनकी प्रतिबद्धता के लिए पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि कार्तिक बाजोरिया, श्रीवत्स सिंह, निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह, प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह, उप प्रधानाचार्य पंकज सिंह, डीन एकेडमिक शहर बानो और हेडमिस्ट्रेस नीतू पांडेय ने छात्रों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। समारोह का मुख्य आकर्षण मुख्य अतिथि कार्तिक बाजोरिया द्वारा विद्यालय के टेडेक्स मंच का उद्घाटन रहा। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने ‘माइंडफुलनेसः द सुपरपावर’ विषय पर छात्रों और उपस्थित अभिभावकों को संबोधित किया। अपने संबोधन में बाजोरिया ने बताया कि कैसे एकाग्रता और सजगता के माध्यम से छात्र आधुनिक जीवन के तनाव और सोशल मीडिया के भटकाव से दूर रहकर अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने डिजिटल युग की चुनौतियों, जैसे गेमिंग और सोशल मीडिया के दबाव के बीच मानसिक एकाग्रता बनाए रखने के व्यावहारिक तरीके सुझाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सजगता ही वह शक्ति है, जिससे छात्र अपने तनाव को प्रभावी ढंग से प्रबंधित कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस नीतू पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
सनबीम स्कूल में ‘प्रोत्साहन’ समारोह अकादमिक उत्कृष्टता के लिए छात्रों को किया गया सम्मानित










