पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जिले में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर चल रही चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को गंगा ऑडिटोरियम हॉल में विशेष बैठक आयोजित की गई। जिसमें विकास खंड नवानगर, रसड़ा और हनुमानगंज की सभी आवेदिकाओं को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी (तकनीकी) तथा संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों की उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदन करने वाली अभ्यर्थिनियां भी मौजूद रहीं। बैठक की शुरुआत में जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा शासनादेश 17 सितंबर 2025 के अनुसार चयन प्रक्रिया के निर्धारित मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद आवेदनों का लाइव प्रस्तुतीकरण किया गया, जिससे आवेदिकाओं को चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी पारदर्शी तरीके से मिल सके। साथ ही प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के लिए पात्र अभ्यर्थिनियों की सूची सार्वजनिक की गई। इस दौरान आवेदिकाओं द्वारा उठाई गई आपत्तियों और शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जानकारी के अनुसार, बाल विकास परियोजना नवानगर में 68, रसड़ा में 131 और हनुमानगंज में 44 अभ्यर्थिनियां चयन के लिए पात्र पाई गई हैं। हालांकि विकास खंड रसड़ा के एक आंगनबाड़ी केंद्र पर चयन प्रक्रिया फिलहाल होल्ड पर रखी गई है। संबंधित केंद्र पर पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन और प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
जिले में 243 अभ्यर्थिनियां पात्र, लेकिन एक केंद्र पर जांच के बाद ही होगा चयन










