Home / Uncategorized / मनोज तिवारी का ममता बनर्जी पर तीखा हमला “अब बंगाल में भाजपा का होगा राज”

मनोज तिवारी का ममता बनर्जी पर तीखा हमला “अब बंगाल में भाजपा का होगा राज”

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद में पहुंचे भोजपुरी अभिनेता एवं भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अवैध घुसपैठ, कानून व्यवस्था और धार्मिक स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर सवाल उठाते हुए बंगाल में सत्ता परिवर्तन का दावा किया। जनपद में बुधवार देर रात पहुंचे भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभक्तों को अपमानित करने वाली ताकतें अवैध रूप से आने वाले घुसपैठियों और रोहिंग्या की मेहमाननवाजी कर रही हैं। तिवारी, स्वतंत्रता संग्राम के महानायक मंगल पाण्डे के बलिदान दिवस पर उनके पैतृक गांव नगवा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यह कार्यक्रम प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा आयोजित किया गया था। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने पश्चिम बंगाल की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में “मां, माटी और मानुष” की दुहाई देने वाली सरकार ने जनता को निराश किया है। वहां धार्मिक स्वतंत्रता बाधित हो रही है और लोग खुले तौर पर पूजा-पाठ तक नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी और कानून का राज स्थापित होगा। भाजपा सांसद ने कांग्रेस और ममता बनर्जी पर देशभक्तों को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इस तरह की भाषा दुर्भाग्यपूर्ण है। इस दौरान मंगल पाण्डे को भारत रत्न दिए जाने की मांग का समर्थन करते हुए तिवारी ने कहा कि यह पूरी तरह वाजिब है। उन्होंने कहा कि मंगल पाण्डे पहले से ही देश के लिए “भारत रत्न” के समान हैं, लेकिन उन्हें औपचारिक सम्मान मिलना चाहिए। इस मुद्दे पर वे भी आवाज उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *