1700 युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली।जनपद में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) को बढ़ावा देने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग श्री उदय प्रकाश पासवान ने बताया कि यह योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में 10 लाख नई सूक्ष्म इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक वर्ष 1 लाख नई इकाइयाँ स्थापित की जाएंगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में चंदौली जनपद को 1700 इकाइयों का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इस योजना के तहत उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित करने के लिए अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाएगा।
योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक का उत्तर प्रदेश का निवासी होना अनिवार्य है। आयु सीमा 21 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 8वीं पास या इंटरमीडिएट/समकक्ष रखी गई है। आवेदक द्वारा पूर्व में पीएम स्वनिधि योजना को छोड़कर किसी अन्य सरकारी योजना में ब्याज या पूंजी अनुदान का लाभ नहीं लिया होना चाहिए। साथ ही, योजना में 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान भी अनिवार्य है।
योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक का ऋण 4 वर्षों के लिए ब्याज मुक्त उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा परियोजना लागत पर 10 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी दी जाएगी। डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रति लेनदेन 1 रुपये तथा प्रति इकाई अधिकतम 2000 रुपये वार्षिक अतिरिक्त अनुदान भी मिलेगा। CGTMSE कवरेज के लिए आवश्यक धनराशि का वहन राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, चंदौली में कार्यदिवसों पर संपर्क कर सकते हैं।










