Home / Uncategorized / अनपरा में CSC केंद्र में भीषण आग: लाखों का सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका

अनपरा में CSC केंद्र में भीषण आग: लाखों का सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका

पूर्वाचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी

अनपरा (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत औड़ी मोड़ स्थित गुरुवार देर शाम एक ग्राहक सेवा केंद्र (कॉमन सर्विस सेंटर) में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। घटना उस समय हुई जब केंद्र बंद था, जिससे आग का पता शुरुआती दौर में नहीं चल सका।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के भीतर रखा नकद धन, कंप्यूटर, फर्नीचर तथा अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को खबर दी, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दमकल टीम के पहुंचने में देरी हुई, जिससे आग और अधिक फैल गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक अधिकांश सामान जल चुका था।

घटना की जानकारी मिलते ही अनपरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

पीड़ित दुकानदार ने बताया कि इस आगजनी में उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है। उसने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *