पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
मारकुंडी सोनभद्र स्थानीय सदर विकास खंड अंतर्गत मारकुंडी क्षेत्र के महुआव खुर्द गांव में शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर खेत में गिर गया, जिससे खड़ी गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरी फसल जलकर राख हो गई।
यह घटना किसान पारसनाथ यादव के खेत में हुई, जहां खड़ी और पहले से काटी गई दोनों तरह की गेहूं की फसल आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा खेत जलकर राख हो गया और किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के किसानों में हड़कंप फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग को भी बुलाया गया।
दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की अन्य खेतों की फसलें सुरक्षित बचा ली गईं।
स्थानीय ग्रामीणों—कमलेश यादव, सुरेश कुमार, राजेश कुमार, शम्भूनाथ, कल्लू यादव, नंदू और बलेश्वर—ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर और कमजोर बिजली के तार लगे हुए हैं, जिन्हें बदलने की कई बार मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए और पूरे क्षेत्र में जर्जर विद्युत तारों को तत्काल बदला जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।









