Home / Uncategorized / सिसवा में ‘स्कूल चलो अभियान’ की गूंज: जागरूकता रैली के साथ पुस्तकों का वितरण शुरू

सिसवा में ‘स्कूल चलो अभियान’ की गूंज: जागरूकता रैली के साथ पुस्तकों का वितरण शुरू

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / सिसवा बाजार।
सिसवा नगर में शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक प्रभावशाली रैली का आयोजन किया गया। बीआरसी सिसवा के निर्देशन में निकाली गई इस रैली को नगर पालिका परिषद सिसवा के अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था, जिन्होंने शिक्षा का संदेश पूरे नगर में फैलाया।
रैली में प्राथमिक विद्यालय मिस्कारी टोला, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिसवा और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की। हाथों में तख्तियां और नारों के साथ बच्चे ‘हर बच्चा स्कूल जाए’ और ‘शिक्षा है सबसे बड़ा धन’ जैसे संदेश देते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इससे आमजन में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बना।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी बंशीधर सिंह ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन नजदीकी विद्यालयों में कराएं और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में शिक्षक संघ के अध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार मिश्र, मंत्री धीरज कुमार शाही, एआरपी अरविंद जायसवाल, सूरज यादव, शिक्षक अरुण सिंह, सूर्यभान, प्रीति राय, सरिता सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
रैली के समापन के उपरांत अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कक्षा एक के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें वितरित कर शैक्षिक सत्र के पुस्तक वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की नींव है और हर बच्चे तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक कर बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *