पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज।
महराजगंज जनपद में भारत-नेपाल सीमा पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक ने करते हुए बताया कि संयुक्त टीम ने संगठित तस्करी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मुखबिर की सटीक सूचना पर पुरन्दरपुर थाना पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम ने रानीपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से 5700 एम्पुल इंजेक्शन बरामद हुए। इनमें डाइजापाम, बुप्रेनोर्फिन और प्रोमेथोजीन शामिल हैं, जिनका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेन्द्र धरिकार उर्फ इलू निवासी जुगौली (सोनौली) और आदित्य कुमार मिश्र निवासी कम्हरिया बुजुर्ग (कोल्हुई) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, 9000 रुपये नकद और एक कार भी जब्त की है। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे पिछले छह महीनों से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे और इंजेक्शनों को नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इन दवाओं को मिलाकर “कॉकटेल ड्रग” तैयार किया जाता है, जो युवाओं के लिए बेहद घातक साबित हो रही है।
इस संबंध में थाना पुरन्दरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एसपी के खुलासे में सीमा पार नशा तस्करी का भंडाफोड़: 5700 इंजेक्शन संग दो आरोपी गिरफ्तार










