पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद के विकास खंड नगरा अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर चल रही चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को गंगा ऑडिटोरियम हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी, तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी, नगरा सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए आवेदन करने वाली बड़ी संख्या में अभ्यर्थिनियां भी शामिल हुईं। बैठक की शुरुआत में जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा शासनादेश दिनांक 17 सितंबर 2025 के तहत निर्धारित चयन मानदंडों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद सभी आवेदनों का लाइव प्रस्तुतीकरण किया गया, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने केंद्रवार पात्र अभ्यर्थिनियों की सूची भी सार्वजनिक रूप से साझा की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभ्यर्थिनियों द्वारा उठाई गई आपत्तियों और शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया। बाल विकास परियोजना नगरा के अंतर्गत कुल 191 अभ्यर्थिनियां आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए पात्र पाई गईं।
आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में पारदर्शिता: बलिया में 191 अभ्यर्थिनियां पात्र घोषित










