पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। विकास खंड मुरली छपरा क्षेत्र के सिताबदियारा निवासी प्रख्यात राजनेता हरिवंश नारायण सिंह को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्यसभा के लिए पुनः मनोनीत किया है। यह मनोनयन राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा की एक रिक्त सीट भरने के उद्देश्य से किया गया है। हरिवंश सिंह ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस विश्वास का सम्मान करेंगे और सदन की मर्यादा बनाए रखना उनका सर्वोच्च दायित्व होगा। हरिवंश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने अपनी नई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प दोहराया। हरिवंश नारायण सिंह का जन्म 30 जून 1956 को उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के सिताबदियारा गांव में हुआ था। वे देश के प्रतिष्ठित पत्रकारों में से एक हैं और लंबे समय तक प्रसिद्ध हिंदी समाचार पत्र ‘प्रभात खबर’ के प्रधान संपादक रहे हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को महत्वपूर्ण माना जाता है। पत्रकारिता के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया। वर्ष 2014 में वे जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के समर्थन से पहली बार राज्यसभा सांसद बने। संसदीय राजनीति में सक्रिय रहते हुए, अगस्त 2018 में उन्हें पहली बार राज्यसभा का उपसभापति चुना गया। वर्ष 2020 में वे पुनः इस पद पर निर्वाचित हुए। उन्हें सदन में अपनी निष्पक्ष, शांत और संतुलित कार्यशैली के लिए जाना जाता है। उनके पुनः मनोनयन की खबर मिलने पर सिताबदियारा सहित पूरे बलिया जनपद में लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने कहा कि हरिवंश सिंह का राज्यसभा में पहुंचना क्षेत्र के लिए सम्मान और प्रेरणा की बात है।
राष्ट्रपति द्वारा हरिवंश नारायण सिंह राज्यसभा के लिए मनोनीत जिले और गांव खुशी की लहर










