Home / Uncategorized / ट्रेन की चपेट में आने से किशोर की दर्दनाक मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

ट्रेन की चपेट में आने से किशोर की दर्दनाक मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / जखीरा।
घुघली थाना क्षेत्र के अंतर्गत खुशहाल नगर रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार की भोर में एक किशोर का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात लगभग 11:30 बजे स्टेशन मास्टर घुघली ने पुलिस को सूचित किया कि खुशहाल नगर रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। यह सूचना घुघली से कप्तानगंज की ओर जा रही मालगाड़ी संख्या BNC 38878 के लोको पायलट रविन्द्र राम द्वारा दी गई थी। उन्होंने बताया कि पोल संख्या 349/5-7 के बीच ट्रैक पर शव दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष घुघली, जखीरा चौकी प्रभारी और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां पहुंचकर देखा गया कि करीब 15 वर्षीय किशोर का शव ट्रैक पर पड़ा है। प्रारंभिक जांच में प्रतीत हुआ कि ट्रेन की तेज टक्कर से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि किशोर का बायां पैर कट गया था तथा सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।
पुलिस ने शव की तलाशी के दौरान जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान प्रिंस शर्मा (15 वर्ष), पुत्र गणेश शर्मा, निवासी करौता उर्फ नेबुईया, थाना घुघली, जनपद महराजगंज के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *