पुर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आरएसएमटी) के उद्यमिता प्रकोष्ठ द्वारा इन्नो-विजन 2026 प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी निदेशक प्रोफेसर अमन गुप्ता द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
इस प्रतियोगिता में बीबीए, बीसीए, एमसीए एवं एमबीए के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने नवोन्मेषी व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किए। प्रस्तुत विचारों का मूल्यांकन नवाचार, व्यवहार्यता, विस्तार क्षमता, प्रस्तुतीकरण कौशल तथा सामाजिक प्रभाव के आधार पर किया गया।
निर्णायक मंडल में डॉ. आशुतोष गुप्ता (रसायन विज्ञान विभाग, उदय प्रताप कॉलेज, वाराणसी), डॉ. देव नारायण (कृषि विज्ञान विभाग, उदय प्रताप कॉलेज, वाराणसी) एवं पी. एन. सिंह (विभागाध्यक्ष, प्रबंधन अध्ययन विभाग, आरएसएमटी) शामिल रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्रदान की।
प्रतियोगिता के अंत में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन एमबीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों हर्षिता शर्मा एवं हिमांशु सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विनीता कालरा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।










