चंदौली।जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने शनिवार को विकास खंड सदर क्षेत्र में पांच मान्यता प्राप्त विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार विद्यालयों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में पाया गया कि तपोवन विद्यालय, फोनिक्स स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और सूर्या जूनियर हाई स्कूल को केवल कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन इसके बावजूद इन विद्यालयों में कक्षा 9 से 10 तथा कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाध्यापकों से पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वहीं, कक्षा 9 से 12 के छात्रों से बातचीत में यह भी सामने आया कि उनका नामांकन अन्य विद्यालयों में है, जबकि पढ़ाई इन अनधिकृत कक्षाओं में कराई जा रही थी।
वहीं, आलोक इंटर कॉलेज में कक्षा 1 से 12 तक की मान्यता के अनुरूप शिक्षण कार्य संचालित होता पाया गया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित चारों विद्यालयों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया है कि वे केवल मान्यता प्राप्त कक्षाओं का ही संचालन करें। साथ ही, इन संस्थानों के खिलाफ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी यदि बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित पाई गईं, तो नियमानुसार कड़ी कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।










