चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा डैना बभनपुरा एवं अमावल में भीषण आग लगने से लगभग 200 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।आग लगने का कारण खबर लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं था।अभी घटना से प्रभावित किसानों में भारी नुकसान को लेकर हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं ग्रामीणों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि नुकसान का सर्वेक्षण पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया जाए तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बटाईदार किसानों को भी बिना किसी देरी के मुआवजा देने पर जोर दिया।
इसके अलावा, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सकलडीहा तहसील क्षेत्र में फसल कटाई पूरी होने तक फायर ब्रिगेड की स्थायी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सांसद ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनके हर संकट में उनके साथ खड़ा रहना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता और तत्परता के साथ आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।










