Home / Uncategorized / पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने किया जानलेवा हमला,तीन के खिलाफ मुकदमा

पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने किया जानलेवा हमला,तीन के खिलाफ मुकदमा

पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी

सेवापुरी। जंसा थाना क्षेत्र के कतवारूपुर गांव में शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जंसा थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कतवारूपुर निवासी बृजेश पुत्र खलील ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजे वह अपने छोटे भाई अकरामूल के साथ बगीचे से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सत्यम सिंह उर्फ सत्या पुत्र कमलेश (निवासी कतवारूपुर), आयुष सिंह पुत्र अनिल सिंह (निवासी सुमेरापुर) और मोनू मिश्रा पुत्र ओ.पी. मिश्रा (निवासी गोराई कॉलोनी) ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए बेल्ट और हॉकी से दोनों भाइयों को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले में बृजेश के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जबकि अकरामूल का सिर फट गया। किसी तरह जान बचाने के लिए दोनों पास के एक स्कूल में घुस गए, लेकिन आरोपियों ने वहां से भी बाहर निकालकर दोबारा मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार, जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि अगर थाने में शिकायत की तो जान से मार देंगे।
इस मामले में जंसा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *