Home / Uncategorized / राष्ट्रीय जूनियर कुश्ती में यूपी फ्रीस्टाइल टीम तीसरे स्थान पर, वाराणसी के लक्ष्य कुमार ने जीता कांस्य पदक

राष्ट्रीय जूनियर कुश्ती में यूपी फ्रीस्टाइल टीम तीसरे स्थान पर, वाराणसी के लक्ष्य कुमार ने जीता कांस्य पदक

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ‘बबलू’ के निर्देश पर छत्तीसगढ़ कुश्ती संघ द्वारा रायपुर-भिलाई में 10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित अंडर-20 राष्ट्रीय जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की फ्रीस्टाइल पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया।
दूसरे दिन फ्रीस्टाइल पुरुष वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 79 किलोग्राम भार वर्ग में सौरभ यादव ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि 74 किलोग्राम में हिमांशु ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं 57 किलोग्राम में जयवीर यादव, 70 किलोग्राम में रवि कुंतल, 92 किलोग्राम में अनुज गौतम, 97 किलोग्राम में उत्कर्ष चौधरी और 125 किलोग्राम में वाराणसी के लक्ष्य कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।

टीम ने कुल 128 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों को चैंपियनशिप ट्रॉफी भारतीय कुश्ती महासंघ के कोषाध्यक्ष डॉ. एस.पी. देशवाल एवं संयुक्त सचिव वी.एन. प्रसुद द्वारा प्रदान की गई। टीम के प्रशिक्षक रामानंद यादव, अरविंद यादव और अशोक सोनकर के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की।
विशेष रूप से वाराणसी के लक्ष्य कुमार ने 125 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जनपद का मान बढ़ाया। वे बारेका में रविंद्र मिश्रा, अरविंद यादव एवं उदय प्रताप सिंह की देखरेख में नियमित अभ्यास करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *