Home / Uncategorized / रॉबर्ट्सगंज में बड़ी कार्रवाई: 50 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

रॉबर्ट्सगंज में बड़ी कार्रवाई: 50 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी

रॉबर्ट्सगंज सोनभद्र स्थानीय थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 की रात पुलिस टीम ग्राम सहिजन खुर्द स्थित पंचमुखी मंदिर के सामने मुख्य सड़क पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखा गया 50 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों—राजकुमार (50 वर्ष), शिवम यादव (19 वर्ष) और अभिषेक सोनकर (20 वर्ष), सभी निवासी मिर्जापुर—को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए बताया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर मिर्जापुर और आसपास के क्षेत्रों में उसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस से बचने के लिए वे बोलेरो वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे, जिससे उनकी पहचान छिपी रहे।

बरामदगी में गांजा के अलावा एक बोलेरो वाहन (लगभग 6 लाख रुपये कीमत), तीन मोबाइल फोन और 750 रुपये नकद भी शामिल हैं। इस प्रकार कुल बरामद माल की कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है।

इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *