Home / Uncategorized / पिपरी पुलिस की मुस्तैदी: साइबर ठगी के शिकार युवक को ₹26,999 वापस दिलाए

पिपरी पुलिस की मुस्तैदी: साइबर ठगी के शिकार युवक को ₹26,999 वापस दिलाए

पूर्वांचल | सोनभद्र | संवाददाता: दीपू तिवारी

सोनभद्र पिपरी थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सराहनीय कार्य करते हुए एक पीड़ित को उसकी ठगी गई धनराशि वापस दिलाने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के दिशा-निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पिपरी क्षेत्र के शिवा पार्क, रेणुकूट निवासी राजकुमार (पुत्र शिवशंकर) साइबअर ठगी का शिकार हो गए थे। अज्ञात साइबर अपराधियों ने उन्हें झांसे में लेकर उनके खाते से धनराशि ट्रांसफर करा ली थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम को सक्रिय किया गया।

थाना पिपरी की साइबर टीम ने बिना समय गंवाए संबंधित बैंक से संपर्क स्थापित किया और तकनीकी माध्यमों से ट्रांजैक्शन को ट्रेस करते हुए ठगी गई धनराशि को तत्काल होल्ड करा दिया। इसके बाद निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹26,999 (छब्बीस हजार नौ सौ निन्यानवे रुपये) की पूरी राशि सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।

धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं थाना पिपरी की साइबर टीम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, निरीक्षक हरेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह तथा महिला आरक्षी अर्चना सहित साइबर टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क कर समय रहते अपनी धनराशि सुरक्षित करा सकता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *