पहाड़पुर गांव में 300 से अधिक गेहूं के बोझ आग की चपेट में, किसान को भारी नुकसान
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत ग्राम सभा पहाड़पुर में रविवार दोपहर विद्युत शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर एक किसान की लगभग ढाई से तीन बीघे गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर निवासी किसान नागेंद्र प्रताप सिंह के खेत में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से चिंगारी गिर गई, जिससे खेत में इकट्ठा कर रखे गेहूं के बोझ में आग लग गई। उस समय तेज हवा चलने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते खेत में रखे करीब 300 गेहूं के बोझ आग की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आग की लपटों में सैकड़ों गेहूं के बोझ जलकर राख हो गए।
इस घटना से किसान को भारी आर्थिक क्षति हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।










