पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी। उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता संघ ने राशन विक्रेताओं (कोटेदारों) के अधिकारों की रक्षा हेतु जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक मल्होत्रा के मार्गदर्शन तथा प्रदेश महासचिव ब्रह्मदेव मिश्रा की अध्यक्षता में आराजीलाइन क्षेत्र दरेखू में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्रीय विक्रेताओं की समस्याओं, प्रशासनिक दबाव एवं उनके साथ हो रहे अन्याय पर गंभीर चर्चा की गई। संगठन ने स्पष्ट किया कि अब गांव-गांव तक कार्यकर्ताओं की नियुक्ति कर एक मजबूत संरचना तैयार की जाएगी, ताकि प्रत्येक कोटेदार को संगठन का पूरा समर्थन मिल सके।
इसी क्रम में ब्लॉक स्तर पर संगठन का विस्तार करते हुए श्री अरुण जायसवाल को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया, साथ ही अन्य पदों पर भी जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को नियुक्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महासचिव का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।अपने संबोधन में ब्रह्मदेव मिश्रा ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन हर स्तर पर कोटेदारों के साथ खड़ा रहेगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया। बैठक ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि अब राशन विक्रेताओं के सम्मान और अधिकारों से कोई समझौता नहीं होगा तथा संगठन हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।










