50 महिलाओं व बालिकाओं की हुई जांच, पढ़ाई गई जागरूकता पाठ
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
भारत विकास परिषद ‘सृजन’ शाखा द्वारा समाज सेवा के तहत शिवपुर पिसौर गांव में “एनीमिया मुक्त काशी” अभियान के अंतर्गत निःशुल्क एनीमिया जांच कैंप का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 50 महिलाओं एवं बालिकाओं का एनीमिया जांच (टेस्ट) किया गया।
कैंप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया जैसी गंभीर समस्या के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय पर जांच के माध्यम से स्वास्थ्य सुधार को बढ़ावा देना रहा। शिविर में विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को शरीर में खून की कमी के कारण, लक्षण और उसके प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आयरन युक्त संतुलित आहार लेने, हरी सब्जियों, फल एवं पोषक तत्वों के सेवन पर विशेष जोर दिया गया।
जांच के उपरांत सभी महिलाओं एवं किशोरियों को पौष्टिक आहार के रूप में गुड़, चना और केला वितरित किया गया, ताकि शरीर में आयरन की कमी को दूर करने के प्रति जागरूकता के साथ-साथ पोषण का भी लाभ मिल सके। आयोजकों ने बताया कि एनीमिया एक आम लेकिन गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसे सही समय पर पहचान और उचित खान-पान के जरिए नियंत्रित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में गतिविधि संयोजक (सेवा) उदय वेताल, सचिव डॉ. रमा सिंह, सीमा सिंह चंदेल, रोली साहू, “एक शाखा एक गांव” प्रकल्प प्रमुख अंजू मिश्रा व राजेंद्र मिश्रा, प्रीति सिंह, शशिभा सिंह तथा मीडिया प्रभारी नवीन प्रकाश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप से लोगों को समय पर जांच और सही परामर्श मिल रहा है, जिससे समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।










